जोधपुर: शहर में एक महिला की हालिया हत्या की जाँच प्रक्रिया पर फेसबुक पर टिप्पणी करना भाजपा के एक स्थानीय नेता को महंगा पड़ गया। भाजपा देहात के महामंत्री हेमंत शर्मा ने जाँच की दिशा पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर एक कमेंट किया था, जिसके बाद पुलिस पर उन्हें हिरासत में लेकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
बंद कमरे में पीटने का आरोप
सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि पुलिस को महामंत्री शर्मा की टिप्पणी नागवार गुजरी। उन्हें देर रात उनके घर से उठाया गया और पुलिस स्टेशन के एक बंद कमरे में कथित तौर पर बुरी तरह से पीटा गया। यह भी आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई एक डिप्टी एसपी (DSP) के इशारे पर की गई।
भाजपा नेताओं में आक्रोश,
एडिशनल एसपी से मुलाकातइस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय भाजपा इकाई में गहरा आक्रोश है। विरोध दर्ज कराने के लिए भाजपा देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुँचे। उन्होंने एडिशनल एसपी (ASP) के सामने अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की, लेकिन वह भाजपा नेताओं को संतुष्ट नहीं कर पाए।
घटना की पुष्टि करते हुए जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने फोन पर मीडिया को बताया कि यह पुलिस की तानाशाही है। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री को इस घटना की पूरी जानकारी दूंगा और प्रदेश अध्यक्ष (भाजपा) को भी इस पुलिसिया बर्बरता के बारे में अवगत कराऊंगा।”भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में दोषी अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।

